अपर जिलाधिकारी नरेन्द्र बहादुर सिंह को कलक्ट्रेट कर्मचारियों ने दी भावभीनी विदाई
स्थानांतरण पर हुआ सम्मान समारोह,अधिकारियों और कर्मचारियों ने सराहा कार्यकाल
मुजफ्फरनगर,13 मई। प्राप्त समाचार के अनुसार जनपद के अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) नरेन्द्र बहादुर सिंह के लखीमपुर खीरी स्थानांतरण के उपलक्ष्य में सोमवार को उत्तर प्रदेश कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ, मुजफ्फरनगर शाखा की ओर से कलक्ट्रेट सभागार में विदाई सम्मान समारोह आयोजित किया गया।समारोह में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार, एडीएम (न्यायिक) सुशील कुमार यादव, नगर मजिस्ट्रेट विकास कश्यप, सहायक आयुक्त स्टाम्प वीर सिंह समेत कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने अपने संबोधन में श्री सिंह के प्रशासनिक अनुभव, अनुशासन, सरलता और संवेदनशील कार्यशैली की सराहना की।जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि श्री सिंह का कार्यकाल प्रेरणादायी रहा है। उन्होंने जनहित में उल्लेखनीय कार्य किए और टीम भावना के साथ प्रशासनिक कार्यों को अंजाम दिया। ऐसे अधिकारी के साथ काम करना सौभाग्य की बात है।
कार्यक्रम में कर्मचारियों ने भी श्री सिंह को सच्चा मार्गदर्शक, कुशल प्रशासक और सहयोगी अधिकारी बताया। कहा कि उनका व्यवहारिक ज्ञान, धैर्य और दूरदर्शिता हमेशा प्रेरणा देती रहेगी।अध्यक्ष अम्मार हैदर और सचिव मनीष शर्मा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कर्मचारियों का आभार जताया। कार्यक्रम का समापन शुभकामनाओं के साथ हुआ।