दून उद्योग व्यापार मंडल की जिला कार्यसमिति बैठक सम्पन्न
व्यापारी हितों पर पारित किए गए कई प्रस्ताव,अवैध कर वसूली पर जताई आपत्ति
आरबी न्यूज
देहरादून। होटल स्टार वुड में रविवार को दून उद्योग व्यापार मंडल की जिला कार्यसमिति 2025 की कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष विपिन नागलिया ने की।उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन का उद्देश्य देहरादून के व्यापारियों के हितों की रक्षा करना है।इस अवसर पर वरिष्ठ व्यापारी नेता सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल ने मंडल की 53 वर्षों की संघर्षशील यात्रा को याद करते हुए कहा कि दून उद्योग व्यापार मंडल हमेशा से व्यापारियों की समस्याओं को सरकार और विभागों तक मजबूती से पहुंचाता रहा है।उन्होंने VAT आंदोलन,ज्वैलर्स हड़ताल,अतिक्रमण अभियान, नो एंट्री प्रतिबंध और कर विभाग की कार्यशैली जैसे मुद्दों पर मंडल की ऐतिहासिक लड़ाइयों का उल्लेख किया।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय:
नगर निगम और नगर पालिका द्वारा लगाए जा रहे पुराने कर नोटिसों का विरोध किया जाएगा।नाकों पर बन रहे कर विभाग के अस्थायी कैम्प ऑफिस और अवैध वसूली पर सख्त आपत्ति।प्रमुख बाजारों में CCTV निगरानी हेतु समिति गठन और सुरक्षा बैठक की योजना।ट्रैफिक जाम की समस्या पर पुलिस के साथ मिलकर ठोस समाधान निकालने का संकल्प।इलेक्ट्रिक बस रूट को विकासनगर व कालसी तक बढ़ाने का सुझाव आदि कार्य रहे हैं।कार्यक्रम में वरिष्ठ व्यापारी अनिल गोयल ने भी व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यापारी समाज की रीढ़ हैं और उन्हें संगठित रहकर जनहित में कार्य करते रहना चाहिए।
CGST का 'संवाद भी समाधान भी'कार्यक्रम शुरू होगा
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि CGST विभाग द्वारा 16 जुलाई से‘संवाद भी समाधान भी’कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इसके तहत हर माह की 16 तारीख को व्यापारियों की समस्याएं सीधे विभाग प्रमुख द्वारा सुनी जाएंगी।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिनिधियों को महिला सुरक्षा, स्वच्छता व सामाजिक सहभागिता की शपथ दिलाई गई। साथ ही जल्द ही युवा और महिला विंग का पुनर्गठन करने की भी घोषणा की गई।कार्यक्रम में जिले की 192 इकाइयों के पदाधिकारी,युवा व्यापार मंडल अध्यक्ष ड्रोन गुलाटी और उनकी कार्यकारिणी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।